आकांक्षी विकासखंड मेहंदवानी में केंद्र एवं राज्य शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी एवं हितग्राहीमूलक योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के उद्देश्य से आयोजित दो दिवसीय जनकल्याणकारी शिविर का आज सफलतापूर्वक समापन हुआ। यह शिविर 17 एवं 18 जून 2026 को जनपद पंचायत प्रांगण, मेहंदवानी में आयोजित किया गया।
शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉल लगाकर आमजन को योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी गई तथा पात्र हितग्राहियों के पंजीयन, दस्तावेज सुधार एवं आवश्यक मार्गदर्शन का कार्य किया गया। बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने शिविर में पहुंचकर विभिन्न सेवाओं का लाभ प्राप्त किया।
दो दिवसीय शिविर में विभागवार हितग्राहियों को लाभान्वित किया गया जिसमें आधार कार्ड नवीन पंजीयन एवं सुधार 122 हितग्राही, संबल कार्ड वितरण 72, समग्र ई-केवाईसी एवं सुधार 86, पेंशन योजनाएं 52, महिला एवं बाल विकास विभाग 14, स्वास्थय विभाग113 हितग्राहियों का स्वास्थय परीक्षण एवं परामर्श, शिक्षा विभाग 06 हितग्राहियों को लाभान्वित किया गया।
इसके अतिरिक्त राजस्व विभाग (उप तहसील मेहंदवानी), जल जीवन मिशन तथा दीनदयाल अंत्योदय योजना-राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन सहित विभिन्न विभागों की सक्रिय भागीदारी रही।
अधिकारियों ने बताया कि इन शिविरों का मुख्य उद्देश्य शासन की योजनाओं को ’’“अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना” और नागरिकों को एक ही स्थान पर सभी सेवाएं उपलब्ध कराना है। शिविर के माध्यम से बड़ी संख्या में पात्र हितग्राहियों को योजनाओं से जोड़ा गया, जिससे शासन की जनहितकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन को गति मिली है।
स्थानीय नागरिकों ने इस दो दिवसीय शिविर की सराहना की। लोगों ने कहा कि एक ही स्थान पर सभी विभागों की सेवाएं मिलने से समय और संसाधन दोनों की बचत हुई तथा योजनाओं की जानकारी भी सरलता से प्राप्त हुई।
