डिंडौरी : 09 जनवरी
ग्राम भीमडोंगरी स्थित शासकीय प्राथमिक विद्यालय में ग्रामवासियों द्वारा पूर्व में की गई शिकायत के आधार पर आज एसडीएम शहपुरा श्री ऐश्वर्य वर्मा द्वारा औचक निरीक्षण किया गया। शिकायत में विद्यालय में पदस्थ शिक्षक श्रीमती सरिता परस्ते के नियमित रूप से अनुपस्थित रहने एवं विद्यार्थियों से अभद्र व्यवहार किए जाने का उल्लेख था। औचक निरीक्षण के दौरान संबंधित शिक्षक श्रीमती सरिता परस्ते अनुपस्थित पाई गईं। मौके पर उपस्थित विद्यार्थियों, अन्य शिक्षकों तथा आंगनवाड़ी सहायिका से शैक्षणिक गतिविधियों, उपस्थिति एवं व्यवस्था के संबंध में जानकारी ली गई तथा आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
एसडीएम शहपुरा द्वारा अनुपस्थित शिक्षक के विरुद्ध अनुशासनात्मक कार्यवाही किए जाने हेतु संबंधित विभाग को निर्देशित किया गया। साथ ही विद्यालय एवं आंगनवाड़ी केंद्र में शैक्षणिक एवं पोषण संबंधी गतिविधियों के सुचारु संचालन, नियमित उपस्थिति एवं बच्चों के साथ संवेदनशील व्यवहार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
