मध्यप्रदेश शासन, महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा जारी निर्देशों के परिपालन में ग्रीष्मकालीन ऋतु को ध्यान में रखते हुए आंगनवाड़ी केंद्रों के संचालन समय में परिवर्तन किया गया है। बच्चों के स्वास्थ्य और सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए आंगनवाड़ी केंद्र अब आगामी आदेश तक प्रातः 07ः00 बजे से दोपहर 02ः00 बजे तक संचालित किए जाएंगे।
निर्धारित नई समय-सारणी के अनुसार प्रातः 07ः00 बजे आंगनवाड़ी केंद्र खोले जाएंगे तथा बच्चों का स्वागत एवं उनकी साफ-सफाई का अवलोकन किया जाएगा। इसके पश्चात 07ः30 से 08ः00 बजे तक निर्मल समय, 08ः00 से 08ः30 बजे तक नाश्ता तथा क्रमशः विभिन्न शैक्षणिक एवं रचनात्मक गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा। इनमें सामूहिक गतिविधियां, स्वतंत्र खेल, छोटे समूह की गतिविधियां, भाषा एवं साक्षरता पूर्व कौशल, रचनात्मक कार्य तथा बाह्य खेल शामिल हैं।
प्रातः 11ः00 बजे से 12ः00 बजे तक बच्चों को भोजन कराया जाएगा तथा उन्हें अभिभावकों तक सुरक्षित पहुंचाया जाएगा। इसके पश्चात दोपहर 12ः00 बजे से 01ः30 बजे तक पोषण परामर्श, वृद्धि निगरानी, सबला/किशोरी बालिका योजना अंतर्गत परामर्श एवं गृह भेंट जैसे कार्य नियत दिवस अनुसार किए जाएंगे।
आंगनवाड़ी कार्यकर्ता दोपहर 01ः30 से 02ः00 बजे तक रिकार्ड संधारण का कार्य करेंगी तथा आवश्यकता अनुसार विभागीय बैठकों में भी सम्मिलित होंगी। निर्देशानुसार बच्चे प्रातः 11ः00 बजे तक केंद्र में उपस्थित रहेंगे, जबकि कार्यकर्ता द्वारा गृहभेंट सहित अन्य कार्य दोपहर 02ः00 बजे तक संपादित किए जाएंगे।
